m
शादी से लेकर अर्थी तक, पत्नी ने साथ नहीं छोड़ा
बिहपुर (भागलपुर): बिहपुर प्रखंड के बिहपुर दक्षिण पंचायत अंतर्गत सोनवर्षा वार्ड संख्या 7 से एक ऐसी मार्मिक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जीवनभर साथ निभाने वाले पति-पत्नी की मौत कुछ ही क्षणों के अंतराल पर हो गई, जिसे लोग सच्चे प्रेम और अटूट रिश्ते की मिसाल बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कृष्णकांत कुंवर उर्फ फेकोहजारी (85 वर्ष) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
परिजनों ने जैसे ही घर पर इस दुखद खबर की सूचना दी, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पति की मौत का सदमा उनकी पत्नी रुक्मिणी देवी सहन नहीं कर सकीं। बताया जाता है कि कुछ ही क्षणों बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।
एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थी उठने की खबर पूरे गांव में शोक का विषय बन गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस घटना को जीवनभर के अटूट प्रेम और समर्पण का उदाहरण बताते रहे।
इस मार्मिक घटना ने पूरे सोनवर्षा गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाह के समय लिया गया साथ निभाने का वचन इस दंपति ने अंतिम सांस तक निभाया। उनकी कहानी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
